झाबुआ। झाबुआ जिले के मेघनगर में मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आदिवासी को मजदूरी मांगने पर न केवल उठक बैठक लगवाई बल्कि उसका वीडियो भी बना लिया। पीड़ित युवक ने पुलिस को शिकायत की है। मामले में एएसपी पीएल कुर्वे ने कहा है कि दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।
पीड़ित नारसिंह अबला वसुनिया मेघनगर का रहने वाला है। वह मेघनगर के सैलानीपुरा में रहने वाले बिलाल पिता मोहम्मद सईद के यहां मजदूरी करता था। मजदूरी मांगने पर वह नारसिंह के साथ अपशब्दों का प्रयोग करता था। यही नहीं बिलाल ने एक दिन उसे मजदूरी देने से पहले उठक बैठक भी लगवाई और ऐसा करते हुए वीडियो बना लिया। फिर नारसिंह जब भी मजदूरी मांगता तो उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कम मजदूरी देता।
मंगलवार को नारसिंह का उठक बैठक करते हुए वीडियो वायरल हो गया। यह वीडियो उसके रिश्तेदारों तक भी पहुंच गया। जब इसकी जानकारी नारसिंह को लगी तो उसने मेघनगर थाने के साथ झाबुआ अजाक थाने में इसकी शिकायत की। नारसिंह ने अपने आवेदन में लिखा है कि बिलाल के द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। इसलिए उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे-
आदिवासी मजदूर को उठक बैठक लगवाने वाले वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। इस प्रकरण में सम्बन्धित आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीएल कुर्वे, एएसपी, झाबुआ