संवाददाता@-सुनील खोड़े
———————————-
झाबुआ। मेरा बूथ – सबसे मजबूत ” ध्येय लेकर प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंच बनाते हुए हर बूथ पर पिछले मतदान की तुलना में भाजपा के लिए 370 मत अधिक प्राप्त करे , वही पं. श्यामाप्रसाद जी मुखर्जी को सही अर्थों में हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यही समय हैं , सही समय है। मोदी जी ने 100 दिन पूर्णकालिक के रूप में समय देने का आह्वान किया था। लगभग 40 दिन पूर्ण हो गए , अब 60 दिन कमर कसकर अनुकूल परिणाम लाने हेतु मैदान में जुट जाए। बूथ स्तर पर जो कार्यकर्ता डटे रहकर निःस्वार्थ भाव से कार्य करते हैं , उनसे लगातार संपर्क बनाए रखें। उक्त विचार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री अजय जामवाल जी ने स्थानीय निजी गार्डन में दो सत्रों में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में व्यक्त किए। प्रथम बैठक में लोकसभा क्षेत्र संबंधित तीनों जिले रतलाम, झाबुआ, अलिराजपुर की लोकसभा प्रबंधन टोली , विधान सभा प्रभारी – सहप्रभारी, संयोजक – सहसंयोजक शामिल हुए। श्री जामवाल ने कहा यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि प्रदेश में लगातार पांचवीं बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और जनहित में यह परंपरा आगे भी बरकरार रहे , इस बात का विशेष ध्यान रखें। यह क्रम पीढ़ी दर पीढ़ी चलते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा चुनाव प्रबंधन की जो समिति बनी है उसके सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के साथ टोली बनाकर बैठे और आपसी तालमेल के साथ अलग-अलग कार्य को संपन्न करें। बीते चुनाव में जो कमियां रही। उन्हें सही करते हुए आपको जो पद दिया गया है उसके कार्य अनुरूप न्याय करते हुए शत प्रतिशत कार्य कर संगठन को परिणाम देवें।

क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याएं सुनने के साथ उपयुक्त सुझाव देते और सहयोग करते हुए कार्य का विस्तार करें। इस बार भी दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाकर हम देश में जनहितैषी सारे कानून को पास करवा सकते हैं। भारतीय संस्कृति और भाजपा का परचम लहराता रहे , 2050 तक हमें कोई रोकने वाला नहीं ऐसा कार्य कर दिखाना है। भाजपा की मोदी सरकार की योजनाओं के लाभ सरकारी अफसर नहीं बल्कि भाजपा का कार्यकर्ता ही जन – जन को बताएं। देश की 140 करोड़ जनता मोदी सरकार की योजनाओं की लाभार्थी है। सभी कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों को उन तक पहुंच बनाना है। हमारी विजय का प्रमुख कारण लाभार्थी संपर्क ही सिद्ध हो सकता है। लाभार्थी संपर्क बड़े स्तर पर मतदान को बढ़ाएगा। उन्होंने कहा चुनाव संपर्क के दौरान हर ग्रुप में दस प्रभावी लोगों को जोड़ते हुए कार्य करना है। हम संपूर्ण विश्व को कुटुंब मानने वाली विचारधारा को मानते हैं। इसमें संपूर्ण भारतीय समाज अर्थात प्रत्येक धर्म , जाति , संप्रदाय शामिल है। हमारी अब तक बनी हुई जमीनी पकड़ बरकरार रहे , इसका विशेष ध्यान रखना होगा। देश में राष्ट्रवादी विचारधारा के अनेकों संगठन भारत को आगे ले जाने के लिए कार्य कर रहे है। ऐसे सभी संगठनों से समन्वय – तालमेल बिठाते हुए हमें कार्य करना है। लोकसभा चुनाव सहित आगामी दिनों में संगठन की हर समिति में महिला नेतृत्व को प्रमुखता से शामिल किया जाए। भाजपा का कार्य सेवाभाव के साथ ईश्वरीय कार्य है। सत्ता और संगठन संगठन में जो पद हमें मिले हैं वह सेवा का साधन है , साध्य नहीं हैं। हमारा लक्ष्य देश को परम वैभव पर ले जाना है। यही समय है और सही समय है। हमारा विचार सही होगा तो लक्ष्य भी सही ही रहेगा। आज भारत आत्मनिर्भर हो तेजी से विकास कर रहा है। हमारी सीमाएं सुरक्षित है और विश्व के अन्य देशों की तुलना में हमारी जीडीपी लगातार बढ़ रही है। यह सब कार्यकर्ताओं द्वारा जमीन स्तर पर किए गए कार्य के कारण मिले बहुमत का ही परिणाम है। हमारे धर्म ग्रंथो में भी उल्लेख है कि समाज में सेवा का सबसे त्वरित माध्यम राजनीति का क्षेत्र होता है। इससे पूर्व लोकसभा प्रभारी श्री महेंद्र भटनागर ने संसदीय क्षेत्र के तीनों जिलों अलीराजपुर , झाबुआ और रतलाम से संबंधित विस्तृत वृत्त प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की प्रगति प्रस्तुत की।

भाजपा लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान ने कहा मैं भाजपा की एक छोटी सी कार्यकर्ता हूं और यह चुनाव केवल मैं नहीं बल्कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लड़ रहा है। हम सभी को मिलकर भाजपा संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को सच साबित करने हेतु लगातार कार्य करना है। मैं इस क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य करती रहूंगी। भाजपा संभागीय प्रभारी श्री राघवेन्द्र गौतम ने संपूर्ण संसदीय क्षेत्र से संबंधित प्रबंधकीय समिति के सभी विभागों के संयोजक – सहसंयोजको से संवाद स्थापित करते हुए लोकसभा चुनाव हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और आगामी योजना हेतु आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर वक्ताओं सहित कैबिनेट मंत्री मध्य प्रदेश शासन सुश्री निर्मला भूरिया, भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती संगीता सोनी व सांसद श्री डामोर मंचासीन थे। बैठक का संचालन लोकसभा प्रभारी श्री किशोर शाह ने किया और आभार रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने माना। इस महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक पश्चात लोकसभा क्षेत्र के सभी भाजपा जनप्रतिनिधियों की बैठक क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री अजय जामवाल ने ली। जिसमें लोकसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक – विधायक प्रत्याशी , नगर निगम महापौर – सभापति , जिला पंचायत अध्यक्ष- उपाध्यक्ष – सदस्य , जनपद अध्यक्ष – उपाध्यक्ष , नगर पालिका अध्यक्ष – उपाध्यक्ष , नगर परिषद अध्यक्ष – उपाध्यक्ष शामिल हुए। श्री जामवाल ने उनसे धरातल पर आने वाली परेशानियों को जान सुझाव देते हुए अपना मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर लोकसभा विस्तारक श्री शिवलाल पाटीदार , झाबुआ भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया , अलीराजपुर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संतोष ( मकु ) परवाल , संयोजक विधानसभा अलीराजपुर श्री जयपाल खरत , संयोजक विधानसभा जोबट श्री हीरालाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री दौलत भावसार , श्री लक्ष्मणसिंह नायक , श्री शैलेष दुबे, श्री ओम प्रकाश शर्मा , जिला महामंत्री श्री सोमसिंह सोलंकी, श्री कृष्णपालसिंह गंगाखॆडी, श्री गौरव खंडेलवाल सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। उक्त जानकारी लोकसभा मीडिया प्रभारी श्री अंबरीष भावसार ने दी।