अवैध संबंध छुपाने के लिए पति ने कि पत्नी की हत्या, राजगढ़ पुलिस की जांच में हुआ खुलासा, पति, सास व दादा ससुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बालुसिंह बारिया
राजगढ़। मां के अवैध संबंधों को छुपाने के लिए एक बेटे ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी, हालांकि साक्ष्य को छुपाने के लिए पत्नी के मायके वालों को झूठी कहानी भी बताई। किंतु पीएम में यह बात स्पष्ट हुई कि महिला की हत्या हुई हैं, जिसके बाद पुलिस ने पति, उसकी मां सहित प्रेमी दादा ससुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पूरा मामला धार राजगढ थाना अंतर्गत ग्राम महापुरा का हैं, जहां पर सरस्वती पति विजय खपेड उम्र 22 साल की संदिग्ध परिस्थिति में 2 जुलाई को दोपहर के समय मौत हो गई थी। सूचना पर राजगढ पुलिस टीम मौके पर पहुंची, महिला पुलिस अधिकारी ने पंचनामा बनाते हुए मर्ग कायम किया। इधर महिला का भाई सहित मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें महिला के सिर व़ गले में चोट दिखाई दी, ऐसे में मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने डॉक्टरों की पैनल से महिला का पीएम करवाया गया। महिला नवविवाहिता होने के चलते प्रकरण की जांच एसडीओपी सरदारपुर द्वारा शुरू की गई। जांच में पीएम रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट हुई कि महिला सरस्वती की मौत गला दबाने से हुई हैं, ऐसे में पुलिस ने परिजनों को थाने पर बुलाया।
सास ने फोन पर बताया, बहु घर में गिर गई –
एसडीओपी आशुतोष पटेल ने बताया कि महिला के परिजनों में बहन साक्षी भारती पति सोहन, गोपाल पिता दुलेसिंह भाबर व प्रियंका पति गोपाल भाबर के कथन लिए गए थे। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन बहन की सास लीलाबाई ने फोन लगा कर बताया कि सरस्वती घर में गिर गई है। जिससे उसको चोट आ गई तथा उसकी हालत खराब है। जब परिवार के लोग ग्राम माहपुरा सरस्वती के घर गए तो उसके ससुराल वालो ने हमको बताया की सरस्वती ने फांसी लगा ली है। हमने ध्यान से सरस्वती के शव को देखा तो उसको सिर में चोट थी तथा गले पर गहरा निशान था। पीएम के दौरान ही परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर कर दी थी।
मृत महिला ने देख लिया था-
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बयान में बताया कि सरस्वती की सास लीलाबाई व उसके दादा ससुर रुघनाथ के अवैध संबंध थे। सरस्वती ने यह सबकुछ घर पर देख लिया था, जिसकी जानकारी भी मृत महिला ने अपने मायके वालों को फोन पर दी थी, जिसके बाद से उसका पति विजय, सास लीलाबाई व दादा ससुर रूघनाथ मृतिका को धमका रहे थे की तुने यह बात किसी को बताई तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। घटना वाले दिन भी आरोपियों ने महिला की गला दबाकर अवैध संबंध छुपाने की बात पर कर दी थी, इधर हत्या की बात स्पष्ट होने के बाद राजगढ पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार दोपहर के समय पति, सास व दादा ससुर को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
दो साल पहले हुई थी शादी –
परिजनों के अनुसार ग्राम ईडरिया थाना अमझेरा निवासी सरस्वती पिता मानसिंह की शादी ग्राम महापुरा निवासी विजय पिता स्वं रमेश खपेड से दो साल पहले शादी हुई थी, आरोपी पति के पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी। जिसके बाद पति की मां लीलाबाई व दादा ससुर में अवैध संबंध बने थे। शादी के कुछ दिनों बाद ही महिला को अवैध संबंधों की जानकारी लग गई थी।
राजगढ़ थाना प्रभारी कमलसिंह पंवार के अनुसार ग्राम महापुरा में 2 जुलाई को महिला की मौत हो गई थी, पीएम में गला दबाने से मौत होने की जानकारी आने के बाद परिजनों को बयान के लिए बुलाया था। मृत महिला सरस्वती की सास लीलाबाई के अवैध संबंध दादा ससुर रुघनाथ से थे, जिसे महिला ने देख लिया था। आरोपियों ने महिला को संबंधों की बात किसी को भी नहीं बताने के लिए कहा था, किंतु घटना वाले दिन गला दबाकर आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाने की कार्यवाही के बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।