@Voice ऑफ झाबुआ
भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। इसमें प्रत्येक कार्य के लिए कार्यकर्ता और प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए कार्य होता है। संगठन जो भी दायित्व प्रदान करें, उसका निर्वहन पूरी क्षमता एवं समर्पण भाव के साथ करें। एक छोटा कार्यकर्ता बूथ से लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय करता है, तो वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। असंभव कार्य को संभव बनाना ही भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान है। इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ लगातार आगे बढ़ते रहे। यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने शनिवार को रतलाम प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और मोर्चा, प्रकोष्ठों की बैठक में कही।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव शनिवार को रतलाम जिले के संगठनात्मक प्रवास पर थे। रतलाम पहुंचने पर श्री राव सर्वप्रथम श्री कालिका माता मंदिर पहुंचे और माता की आरती कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष ने स्वागत सम्मान कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। दर्शन के पश्चात राव रतलाम विधायक जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित पार्टी के मोर्चा प्रकोष्ठों एवं जिला पदाधिकारी एवं मण्डल अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। जिसके पश्चात राव ने अखंड ज्ञान आश्रम पहुंचकर महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर श्री स्वामी स्वरूपानंदजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी देवस्वरूपानंदजी महाराज से भी मुलाकात की। स्वामीजी ने राव को धर्म साहित्य भेंट किया।
जिले के 1296 बूथों पर पार्टी को 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो, योजना बनाएं
कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में प्रवास अत्यंत आवश्यक है। इससे संगठन को मजबूती मिलती है। प्रदेश पदाधिकारी जिले एवं जिला पदाधिकारी मण्डल तथा मण्डल पदाधिकारी बूथों का प्रवास सुनिश्चित करें। रतलाम जिले में 1296 बूथों पर भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो, ऐसे प्रयास सभी कार्यकर्ताओं को अभी से शुरू कर देना चाहिए।राव ने कहा कि भाजपा आगामी 2-3 माह में 65 हजार बूथों के लिए एक्शन प्लान तैयार कर रही है। इसमें कार्यकर्ता बूथ विजय संकल्प लेकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इससे अधिक अनुकूल समय पहले कभी नहीं रहा, इसलिए सभी अपनी जवाबदेही समझे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, यह सुनिश्चित करें।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चिंतामणि मालवीय, संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र लूनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना, जिला महामंत्री श्रीमती संगीता चारेल,प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया,के.के. सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास आदि उपस्थित थे।