मांडू बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने अपने संबोधन में जिस तरह से आदिवासी क्षेत्र में कार्यरत राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की चर्चा की उससे स्पष्ट है कि पार्टी आदिवासी संगठन जयस और आम आदमी पार्टी को लेकर चिंतित है।
यह दोनों दल लगातार आदिवासियों के बीच अपना नेटवर्क मजबूत कर रहे हैं। वही जयस पर संघ परिवार का आरोप है कि वह लगातार आदिवासियों को हिंदुओ के खिलाफ भड़का रहा है।
पिछली बार कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विशेष रणनीति अपनाकर मालवा निमाड़ की आदिवासी सीटो पर भाजपा को जबरदस्त झटका दिया था। उन्होंने जयस के साथ समझौता किया और जयस के प्रमुख नेता डॉ. हीरालाल अलावा को मनावर की सीट आवंटित की।
डॉ. हीरालाल अलावा मनावर से विधायक चुने गए। जयस और कांग्रेस के गठबंधन से भाजपा का निमाड़ अंचल में लगभग सफाया हो गया। कांग्रेस ने मालवा निमाड़ में 35 सीटों पर जीत हासिल कर प्रदेश की सत्ता में 15 वर्ष बाद वापसी की। भाजपा उस पराजय को भूल ही नहीं रही इस कारण से अपनी सारी गलतियों को सुधार कर वह आगे बढ़ना चाहती हैं।