वॉइस ऑफ झाबुआ | रितिक परमार
झाबुआ-खावासा क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। मामले को लेकर झाबुआ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया वीडियो
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो में कुछ व्यक्ति एक महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार एवं अश्लील इशारे करते दिखाई दे रहे थे। आरोपियों द्वारा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं एसडीओपी थांदला श्री राजेश सुलिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी थांदला श्री अशोक कनेश के नेतृत्व में चौकी खवासा पुलिस ने जांच शुरू की। वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना थांदला में अपराध क्रमांक 469/26, धारा 74 एवं 296(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने वायरल वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान के लिए फोटो एवं अन्य उपलब्ध जानकारी के साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची और कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. दिनेश पिता रामचन्द्र राणा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम नाथपाड़ा।
2. सेलिया पिता खुमचंद बारिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी बेडावा।
3. तीन विधि-विरुद्ध बालक।
पुलिस ने दी सोशल मीडिया यूजर्स को सलाह
झाबुआ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी महिला से संबंधित आपत्तिजनक या आपराधिक प्रकृति का वीडियो प्राप्त होने पर उसे आगे शेयर या वायरल न करें। ऐसी किसी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ अथवा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी थांदला श्री अशोक कनेश, चौकी प्रभारी खवासा उपनिरीक्षक श्री अनिल सिंह घुरैया, प्र.आर. 274 योगेश मोयल, प्रधान आरक्षक 108 शेर सिंह, आरक्षक 486 शंकर चरपोटा, आरक्षक 469 दिनेश गामड़, आरक्षक 673 जितेश डावर एवं साइबर टीम झाबुआ की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। वॉइस ऑफ झाबुआ की खबर के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ एवं आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है।