आलीराजपुर। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन में जल संरक्षण पर केंद्रित श्रमसाधना गतिविधि के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत ग्राम पंचायत खंडालाराव में प्राचीन बावड़ी एवं कुएँ के आसपास स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं, परामर्शदाताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर जल स्रोतों की साफ-सफाई की। इस गतिविधि के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं नियमित देखरेख की आवश्यकता को व्यवहारिक रूप में समझाया गया। कार्यक्रम ने सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करते हुए “जल है तो कल है” के संदेश को स्थानीय स्तर पर प्रभावी बनाया।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत खंडाला राव स्थित नांदिया वडली महादेव मंदिर परिसर में सामूहिक बैठक एवं संगोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें दीवार लेखन, जल स्रोत पूजन, वृक्ष पूजन, शपथ कार्यक्रम, ग्राम स्तरीय बैठकें एवं संगोष्ठियाँ शामिल हैं। सभी उपस्थितों ने सामूहिक शपथ लेकर संकल्प व्यक्त किया कि 30 जून 2026 तक इन गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरण कर अभियान को परिणामोन्मुख बनाया जाएगा। साथ ही प्रभात फेरियों के माध्यम से घर-घर तक संदेश पहुँचाने की रणनीति पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी, समस्त परामर्शदाता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रदीप हटीला द्वारा किया गया।