दिलीप सिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
मध्यप्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत जोबट ब्लॉक में लक्ष्मी, आज़ाद एवं चारभुजा संकुल संगठनों का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं और उन्होंने को संबोधित किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से “स्वस्थ नारी–परिवार अभियान” अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर और आँखों की जाँच हेतु विशेष शिविर लगाया गया। विधायक ने शिविर का अवलोकन किया, लाभार्थियों से चर्चा की और सामूहिक उद्द्बोधन दिया। उन्होंने उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई पोषण संबंधी प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया। अपने भाषण में विधायक ने कहा कि “राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की शुरुआत जून 2011 में कांग्रेस सरकार द्वारा तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गाँव की गरीब माताओं और बहनों को संगठित कर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।”

उन्होंने कहा कि जब महिला सशक्त होगी तभी परिवार, समाज और गाँव सशक्त होंगे। आज लाखों महिलाएँ इस मिशन से जुड़कर रोजगार प्राप्त कर रही हैं, परिवार की आमदनी बढ़ा रही हैं और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी रही हैं। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा गरीब, किसान और महिलाओं के उत्थान की योजनाएँ दी हैं और आजीविका मिशन इसका जीता-जागता उदाहरण है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में , महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।