आज राहुल गांधी की यात्रा जिन क्षेत्रों से निकलेगी, ये वो दो लोकसभा सीटें हैं। जहां कांग्रेस लड़ाई में दिख रही है। आज राहुल गांधी धार व रतलाम में रहेंगे। रात्रि विश्राम भी रतलाम जिले में करेंगे। धार और रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीटों पर भाजपा के लिए मुकाबला एकतरफा नहीं है। इससे क्षेत्र में उनकी यात्रा पर भाजपा की निगाह भी रहेगी। रतलाम जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को जो लीड मिली थी, पार्टी उसी के दम पर रतलाम-झाबुआ सीट जीतने की उम्मीद पाले हुए है। हालांकि, राहुल गांधी की यात्रा सैलाना को छोड़कर क्षेत्र के किसी भी जनजातीय बहुल इलाके से नहीं निकल रही है मगर सांसद गुमान सिंह डामोर की निष्क्रियता का फायदा कांग्रेस को हो सकता है। यहां भी विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरे नंबर पर थी। इसी तरह धार लोकसभा सीट में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा ने मामूली अंतर से एक ही जनजातीय सीट धरमपुरी पर जीत दर्ज की थी। इसके चलते भाजपा की सांसें यहां फूली हुई हैं।