आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक संगठनात्मक जिलों में 75 आंगनवाडी गोद लेकर उसे आदर्श आंगनवाडी बनायेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से महिला मोर्चा आदर्श आगंनवाडी अभियान के रूप में इसकी शुरूआत करेगी। जिसका समापन पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर पर होगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में महिला मोर्चा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मोर्चा की प्रदेश प्रभारी व पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन एवं मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने अभियान की तैयारियों पर चर्चा की।श्रीमती सीमा सिंह जादौन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनैतिक दल होने के साथ ही अपने सामाजिक दायित्वों का बखूबी निर्वहन करती है। समाज, पर्यावरण और स्वास्थ्य से संबंधित और जनता से जुडे मुद्दों को भारतीय जनता पार्टी अभियान के रूप में अपने हाथ में लेती है और उसे जनअभियान बनाती है। उन्होंने कहा कि आदर्श आगंनवाडी अभियान जनअभियान बनें, इस दिशा में प्रत्येक जिले में आमजन को इस अभियान से जोडना है।मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के सभी जिलों में 75 आगंनवाडी गोद लेगी। इसकी शुरूआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को आदर्श आगंनवाडी अभियान में रूप में होगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान महीने के पहले मंगलवार को आगंनवाडी में गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, दूसरे मंगलवार को कमजोर बच्चों की जांच कर उन्हें पोषण आहार वितरित किया जायेगा। तीसरे मंगलवार को किशोरियों से संबंधित जागरूकता अभियान चलाया जायेगा और माह के अंतिम मंगलवार को स्वच्छता को लेकर जनजागरण अभियान होगा।श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि अभियान से पहले आगंनवाडियों की स्थितियों का अध्ययन कर अभियान के बाद आए बदलाव का अध्ययन किया जायेगा। आदर्श आगंनवाडी अभियान का समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा द्वारा प्रत्येक जिले में इस अभियान की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गयी है। 14 एवं 15 सितंबर को प्रत्येक जिले में मोर्चा की पदाधिकारी अभियान के संदर्भ में पत्रकार वार्ताएं करेंगी।
इस अवसर पर मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती अश्विनी परांजपे, श्रीमती माया पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुश्री नेहा बग्गा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती निशा सक्सेना, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्रीमती नंदा दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थी।