आलीराजपुर। शहर की सफाई व्यवस्था इन दिनों स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और चिंता का विषय बनी हुई है। नगर के कई इलाकों में कचरे के ढेर और फैली गंदगी साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जाता, जिसके कारण बदबू और अस्वच्छता का माहौल बना रहता है।
लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार और प्रशासनिक क्षेत्रों के आसपास ही सफाई व्यवस्था कमजोर दिखाई दे रही है, तो आम मोहल्लों और गलियों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि कुछ स्थान ऐसे हैं जहां लंबे समय से कचरे के ढेर लगे रहते हैं और वहां से लगातार दुर्गंध आती रहती है, लेकिन इसके बावजूद नियमित साफ-सफाई नहीं हो पा रही है।
स्थानीय नागरिकों के बीच यह सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर सफाई व्यवस्था में लापरवाही की वजह क्या है। कुछ लोग यह भी चर्चा करते नजर आते हैं कि क्या सफाई कर्मचारियों को नियमित संसाधन, वेतन या पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पा रही, जिसके कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नगर में बढ़ती गंदगी को लेकर लोगों में असंतोष जरूर दिखाई दे रहा है।
स्वच्छता केवल कागजों और अभियानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। नागरिकों ने नगर प्रशासन से नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव और गंदगी वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने की मांग की है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो बरसात के मौसम में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।