करीम खान बरझर
बरझर क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बरझर-सेजावाडा रिंगोल मार्ग पर कुछ ही देर पहले दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद खतरनाक था और टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि दूसरे को भी गंभीर चोटें आई हैं। अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी रवि टेलर ने मानवता दिखाते हुए बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को तत्काल चंद्रशेखर आजाद नगर के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।