रिपोर्टर पियूष पटवा
————————–
पेटलावद । झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र में हुई सनसनीखेज झपटमारी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार एवं सोने की चेन बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25.04.2026 को फरियादिया श्रीमती निशा भंडारी अपनी पोती को कोचिंग छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान उदय गार्डन के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा आधुनिक तकनीकों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुनील वसुनिया (उम्र 23 वर्ष, निवासी खवास) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोशन माल के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से झपटी गई सोने की चेन (कीमत लगभग ₹2,70,000) बरामद की गई है। साथ ही पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बामनिया रेलवे फाटक के पास एक गल्ला व्यापारी से मारपीट कर झपटमारी की दूसरी घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने की चेन (कीमत लगभग ₹2,70,000), 12 बोर देशी कट्टा एवं 1 जिंदा कारतूस जप्त किए गए। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया,उपनिरीक्षक अर्चना चौहान, उपनिरीक्षक गोवर्धन मकवाना, उपनिरीक्षक हीरालाल मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक लाखनसिंह भाटी, प्रधान आरक्षक भगतसिंह, आरक्षक पवन चौहान, विजेन्द्रसिंह, रविन्द्र अमलियार, पप्पूसिंह, राहुल मुजालदा, रविन्द्र बरडे, राकेश डामर, राजेन्द्र परिहार एवं तकनीकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।