आलीराजपुर ब्यूरो चीफ
चन्द्रशेखर आजाद नगर भाभरा । जिले के आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक बैल की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शीतला माता मंदिर के पास रहने वाली फरियादिया रमिला ने पुलिस को बताया कि 30 मार्च की शाम उसने अपने बैलों को तालाब पर पानी पीने के लिए छोड़ा था। इनमें से एक लाल रंग का बैल वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह तलाश करने पर खोटड़े में एक खेत के पास बैल मृत अवस्था में पड़ा मिला।

उसका पिछला एक पैर कटा हुआ था और आधी खाल निकाली गई थी। मौके पर मिले खून के निशानों का पीछा करते हुए फरियादिया अपने परिजनों के साथ राजलिया पिता भूरला बामनिया भील के घर पहुंची। वहां घर के अंदर एक तगारी में बैल की लाल रंग की खाल, मांस और पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी मिली। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजलिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 325, म.प्र. गौ-वंश वध प्रतिषेध अधिनियम और म.प्र. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।