आलीराजपुर संवाददाता
आलीराजपुर। जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल ने शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयगढ़ (बावड़ीखुर्द) में कथित रूप से आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर राज्यपाल एवं कलेक्टर आलीराजपुर को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। विधायक ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया तथा शासकीय भवनों पर राजनीतिक झंडे लगाए गए, जो शिक्षा संस्थानों की निष्पक्षता और गरिमा के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों का उपयोग केवल शैक्षणिक कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि राजनीतिक गतिविधियों के लिए। विधायक ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाएं छात्रों और अभिभावकों के बीच गलत संदेश देती हैं और शिक्षा व्यवस्था की पवित्रता को प्रभावित करती हैं। उन्होंने प्रथम दृष्टया विद्यालय के प्राचार्य एवं संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान की उपस्थिति रही, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है। विधायक ने राज्यपाल एवं जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई (निलंबन सहित) करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सख्त निर्देश जारी करने की मांग की है।