करीम खान बरझर
बरझर। क्षेत्र में आदिवासी समाज का प्रमुख और पारंपरिक भगोरिया पर्व इस वर्ष बुधवार को बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बरझर में तैयारियां की जा रही है और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भगोरिया पर्व के अवसर पर बरझर में पारंपरिक हाट और मेले का आयोजन होगा, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवक-युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। मेले में ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य, झूले और विभिन्न दुकानों का आयोजन किया जाएगा।

मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए बरझर चौकी प्रभारी शिवा तोमर के नेतृत्व में पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी। मेले के दौरान पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी। चौकी प्रभारी शिवा तोमर ने बताया कि बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों, नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि भगोरिया पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।