सुनील तोमर आलीराजपुर
आलीराजपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की झाबुआ-आलीराजपुर शाखा ने सफलता का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आलीराजपुर सैटेलाइट शाखा के 15 वर्षों के इतिहास में पहली बार आशीष अगाल ने सर्वोच स्तर ‘गैलेक्सी क्लब’ की सदस्यता हासिल कर क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झाबुआ में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह मे आशीष अगाल का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में मना जश्न
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मपाल उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विपणन प्रबंधक अशोक कुमार ठाकुर, वरिष्ठ मंडल प्रबंधक प्रभात साहू एवं विपणन प्रबंधक परमित बिलैया ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कर्म ही भगवान है- क्षेत्रीय प्रबंधक
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मपाल ने कहा, शाखा ने वर्ष 2008 के बाद पुनः अपना लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास रचा है। कर्म ही धर्म और भगवान है; जो व्यक्ति निष्ठा से कार्य करता है, सफलता उसके कदम चूमती है।” उन्होंने अभिकर्ताओं की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि अभिकर्ता ही निगम की असली शक्ति हैं। उन्होंने झाबुआ शाखा के उपलब्धि पर झाबुआ शाखा के ब्रांच मैनेजर मनोज सोनी और आलीराजपुर सैटेलाइट शाखा ब्रांच मैनेजर हेमंत गहलोत को शुभकामनाएं और बधाई दी।
सेवा भाव से मिलती है सफलता
वरिष्ठ मंडल प्रबंधक प्रभात साहू ने अभिकर्ताओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि बीमा ‘आग्रह की विषय वस्तु’ है। उन्होंने कहा, ग्राहक के घर को मंदिर मानकर सेवा करें और निरंतर संपर्क बनाए रखें, यही इस व्यवसाय की असली कुंजी है।”
लगातार 6 वर्षों से MDRT हैं आशीष अगाल
अपनी कार्यकुशलता के लिए पहचाने जाने वाले आशीष अगाल पिछले 6 वर्षों से लगातार और इस वर्ष झाबुआ-आलीराजपुर शाखा में प्रथम MDRT रहे हैं। उनकी इसी निरंतरता ने उन्हे भारतीय जीवन बीमा निगम के सर्वोच स्तर ‘गैलेक्सी क्लब’ तक पहुँचाया है। मुख्य अतिथियों ने उन्हें दुपट्टा पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर झाबुआ ब्रांच मैनेजर मनोज सोनी, आलीराजपुर सैटेलाइट शाखा प्रबंधक हेमंत गहलोत, असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर रविंद्र शर्मा, विकास अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव, सूर्यकांत तिवारी,अंकित वाणी, रुसवाल गणावा सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिकर्ता मौजूद थे। सभी ने आशीष अगाल को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।