रिपोर्टर-सुनील खोड़े
—————————–
पेटलावद। ब्लॉक मुख्यालय पेटलावद में मंगलवार को गैर-संचारी रोगों (NCDs) विशेषकर डायबिटीज के प्रति जागरूकता लाने हेतु रैली का आयोजन किया गया। यह रैली 14 नवम्बर को मनाए गए विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। रैली ब्लॉक अस्पताल परिसर से प्रारम्भ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली का उद्देश्य आमजन को मधुमेह के लक्षणों, बचाव तथा नियमित जांच के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम में डॉ. एम.एल.चोपड़ा(BMO), श्री पृथ्वीपाल(BCM) कुष्ठ अधिकारी श्री राजीव वैश्यनव,श्रीमती मीना भूरिया(BPM) सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा सुपरवाइज़र ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जागरूकता संदेशों के माध्यम से जनमानस को स्वास्थ्य के प्रति सचेत किया।
इस रैली का संचालन पिरामल फाउंडेशन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गणेश देपाले ने किया तथा गांधी फेलोज़ शहरियार आलम और ख्याति सिंह बनाफर ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रैली के उपरांत फ्रंटलाइन वर्कर्स (आशा कार्यकर्ताओं) के साथ डायबिटीज जागरूकता पर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें रोग के लक्षण, जोखिम, बचाव और नियमित स्क्रीनिंग के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई तथा स्थानीय नागरिकों ने भी स्वास्थ्य जागरूकता के इस प्रयास की सराहना की।