सुनील तोमर अलीराजपुर संवाददाता
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” अभियान का सफल क्रियान्वयन जिलेभर में सतत जारी है।

इस अभिनव जनजागरूकता पहल का मूल उद्देश्य दंडात्मक कार्यवाही के स्थान पर नागरिकों को स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करना है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में “हेलमेट बैंक” की स्थापना की जा रही है। यह पूर्णतः जनसहभागिता आधारित पहल है, जिसमें सक्षम नागरिक स्वेच्छा से हेलमेट क्रय कर पुलिस थानों में जमा कर सकते हैं।

पुलिस द्वारा इन हेलमेटों को जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क प्रदान किया जाता है, ताकि वे सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकें।आज दिनांक 08 नवम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशानुसार यातायात पुलिस आलीराजपुर द्वारा थाना यातायात परिसर में “हेलमेट बैंक” की स्थापना की गई। इसके तहत ऐसे दोपहिया वाहन चालक, जिनके पास हेलमेट नहीं है तथा जिन्हें किसी आवश्यक कार्य से यात्रा करनी है, वे हेलमेट बैंक से अस्थायी रूप से हेलमेट प्राप्त कर सकते हैं।

यात्रा समाप्ति के पश्चात चालक को वही हेलमेट पुनः थाना यातायात पर जमा करना होगा, ताकि अन्य जरूरतमंद व्यक्ति इसका लाभ उठा सकें।यातायात प्रभारी सूबेदार अर्जुन सिंह वास्केल ने बताया कि इस पहल से जरूरतमंद चालकों को समय पर हेलमेट उपलब्ध हो सकेगा, उनमें हेलमेट पहनने की आदत विकसित होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सकेगी।