दिलीप सिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
अलीराजपुर। जिले के मनरेगा अभियंता संघ का शिष्टमंडल अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर विधायक निवास, अलीराजपुर (बोरखड़) पर पहुंचा और जोबट विधायक सेना महेश पटेल को ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने विधायक को अवगत कराया कि संविदा उपयंत्री विगत 19 वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें नियमितीकरण, समान कार्य समान वेतन, अनुकंपा नियुक्ति, वरिष्ठता के आधार पर पदभार जैसे अधिकार अब तक नहीं मिले हैं। उपयंत्रियों ने यह भी बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 22 जुलाई 2023 को नीति लागू करने के निर्देश दिए गए थे, किंतु विभागीय स्तर पर लंबे समय तक पालन नहीं हुआ। मई 2025 में नीति लागू होने के बाद भी वेतन विसंगति एवं अन्य समस्याएँ बनी हुई हैं।

शिष्टमंडल ने शिकायत की कि उपयंत्रियों से सीएम हेल्पलाइन, गौशाला प्रबंधन, ई-केवाईसी, आयुष्मान योजना जैसे अतिरिक्त कार्य कराए जा रहे हैं, और लक्ष्यपूर्ति न होने पर वेतन कटौती जैसी अनुचित कार्यवाही भी की जाती है। विधायक जोबट सेना महेश पटेल ने संघ की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें न्यायोचित बताते हुए मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी के नाम समर्थन पत्र सौंपा।

उन्होंने कहा कि “वर्षों से सेवा दे रहे संविदा उपयंत्रियों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। मैं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा एवं शासन स्तर पर निरंतर प्रयास करूंगी।” इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।