Homeअलीराजपुरअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर अलीराजपुर जिले में पुलिस विभाग...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर अलीराजपुर जिले में पुलिस विभाग द्वारा भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित।

दिलीपसिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ 

पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री राजेश व्यास ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, अपितु भारत की प्राचीन परंपरा का वह अमूल्य उपहार है, जो सम्पूर्ण विश्व को संतुलित जीवन जीने की दिशा प्रदान करता है।

भारत सरकार के सतत प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” के रूप में घोषित किया, जिसे 2015 से लेकर अब तक विश्व के 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है। यह दिन न केवल भारत के सांस्कृतिक वैभव को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का प्रतीक है, बल्कि यह आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों के बीच स्वस्थ, शांत और अनुशासित जीवन जीने का मार्ग भी दिखाता है।

इस वर्ष की थीम “योग से सह-अस्तित्व” (Yoga for Self and Society) के अनुरूप, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अलीराजपुर जिले में भी व्यापक स्तर पर योग दिवस मनाया गया।

जिला पुलिस द्वारा आज दिनांक 21 जून 2025 को जिले के समस्त थाना एवं शाखाओं में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगाभ्यास किया गया। जिला मुख्यालय स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित हुए एवं प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विविध योगासन किए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने कहा कि –”पुलिस बल को मानसिक एवं शारीरिक रूप से सुदृढ़ रखना हमारी प्राथमिकता है। योग न केवल तनाव प्रबंधन में सहायक है, बल्कि यह एकाग्रता, सहनशक्ति एवं अनुशासन जैसे गुणों का भी संवर्धन करता है। ऐसे आयोजन नियमित रूप से कर पुलिस बल को सशक्त एवं आत्मबल से भरपूर बनाया जा सकता है।”कार्यक्रम के अंत में सभी को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!