रिपोर्टर-सुनील खोड़े
——————————-
पेटलावद – मोहन सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर पूरे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व मनाया जा रहा है…जिसमें शासन स्तर से कई आयोजन किए जाकर शासन की योजनाओ एवं एक वर्ष के कार्यकाल की जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व को लेकर पेटलावद में भी बैनर पोस्टर लगाए जाना थे, जिसको लेकर पेटलावद में बैनर पोस्टर पहुंचे भी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाह कार्यप्रणाली के चलते बैनर पोस्टर लावारिश हालत में जगह-जगह दिखाई पड़ रहे हैं। कई स्थानों पर तो बैनर पोस्टर फट चुके हैं, जबकि पर्व तो अभी शुरू हुआ है।
कुल मिलाकर पेटलावद में अधिकारियों ने जनकल्याण पर्व का ही कल्याण कर दिया…पेटलावद शहर के श्रद्धांजलि चौक पर एक बड़ा पोस्टर पिछले दो दिनों से अधिक समय से सड़क किनारे पड़ा हुआ है, लेकिन उसे अब तक सही ढंग से लगाया नहीं जा सका। वही शासकीय कार्यालय में भी बैनर पोस्टर जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं। रायपुरिया मार्ग पर गायत्री मंदिर के समीप बैनर पोस्टर पूरी तरह से फट चुके हैं लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। लापरवाह अधिकारियों के कारण पेटलावद में मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व मजाक बनकर रह गया है।