मनीष अरोडा
अलीराजपुर राष्ट्रीय प्रशिक्षुता योजना के तहत प्रशिक्षु चयन के लिए अलीराजपुर के पी जी कॉलेज ऑडिटोरियम हॉल में प्रशिक्षु अभियान कार्यक्रम आयोजित हुआ । कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए । दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम में सीनियर मैनेजर श्री शाइन जो ने बताया कलेक्टर डॉ बेडेकर के विशेष प्रयासों के कारण जिले में पहली बार उनकी कंपनी प्रशिक्षु भर्ती के लिए आई है। इस कार्यक्रम में 10 वी ,12 वी एवं आईटीआई पास छात्राओं को एनएपीएस एवं स्नातक पास विद्यार्थियों के लिए लीड प्रशिक्षु योजना के द्वारा लाभ दिया जाएगा ।
इस कार्यक्रम में जिले के 78 युवाओं ने भाग लिया जिनकी साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया की गई। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से जिले 28 युवाओं को एनएपीएस एवं 16 युवाओं को लीड योजना के अंतर्गत चयनित किया गया । इस प्रकार जिले के 44 युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए । इन युवाओं को 15 से 18 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड एवं आवास, परिवहन एवं कैंटीन की सुविधा उपलब्ध रहेगी ।

कलेक्टर डॉ बेडेकर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में जिले के युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। इस नवाचार के माध्यम से जिले में अन्य बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी आमंत्रित किया जाएगा ताकि जिले के युवा नया कौशल सीखने के साथ साथ आत्मनिर्भर भी बनने का मौका मिले। कलेक्टर डॉ बेडेकर ने कहा कि जिले में रोजगार के अवसर सीमित है इसलिए शासन द्वारा जिले के नए उद्योग स्थापित करने के लिए तथा जिले के युवाओं को बडी कंपनियों में रोजगार के अवसर दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। आज इन 44 युवाओं के माध्यम से जिले के अन्य युवाओं को रोजगार के लिए एक नई उम्मीद जागृत हुई है। कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री तपीस पांडे , तहसीलदार श्रीमती सविता राठी , श्री सुनील राणा , श्री हर्षल बेहरानी एवं श्री हीरालाल अस्के सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थें।