मनीष अरोडा
अलीराजपुर कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर ने समस्त जिला प्रमुखों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा पूरे प्रदेश में स्वच्छ सेवा भारत 2024 के तहत 02 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़े के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के जरिए हम सभी लोग अपने अपने कार्यालय की साफ सफाई करें और आम जन को भी इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जोड कर अपने जिले को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए । इस अभियान को आगे बढाते हुए कलेक्टर परिसर एवं जिला मुख्यालय पर स्थित समस्त शासकीय कार्यालय में आज स्वच्छता ही सेवा 2024 के तहत साफ सफाई कर फाईलों एवं अन्य सामग्री को व्यवस्थित किया गया साथ ही संकल्प भी लिया गया कि हम सभी लोग अपने आस पास के नागरिकों को स्वच्छता का महत्व बताएं और अपने घरों के आस पास गंदगी न एकत्रित हो इसकी अपील करेंगे।

जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि इस प्रकार की गतिविधि आयोजित कर विभाग द्वारा जारी पोर्टल पर जानकारी प्रेषित करें । शहरी क्षेत्र की गतिविधियों को स्थानीय नगरीय निकाय द्वारा एवं ग्रामीण क्षेत्र की गतिविधियों को जनपद पंचायत द्वारा पोर्टल पर संकलित किया जाए । उन्होने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों एवं जनपद सीईओं को इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ।