
संवाददाता – सुनील खोड़े
——————————-
पेटलावद। ग्राम पंचायत पीठड़ी के रोजगार सहायक रतनसिंह और सहयोगी कियोस्क संचालक द्वारा आवास योजना के हितग्राही बालू मन्ना गामड़ के खाते से धोखाधड़ी कर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि एवं बचत खाते में रखी राशि निकाली गई थी, जिसका आरोप हितग्राही बालू द्वारा लगाते हुए पेटलावद एसडीएम, रायपुरिया थाना प्रभारी एवं जिला पंचायत सीईओ को शिकायती आवेदन सौंपा था, वही पूरे मामले को लेकर वही वॉइस ऑफ झाबुआ पर लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही थी। जिसको लेकर झाबुआ से आवास योजना की परियोजना अधिकारी एवं पेटलावद जनपद पंचायत के अधिकारियों का एक जांच दल ग्राम पंचायत पीठड़ी पहुंचा और पीड़ित हितग्राही बालू से पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं रोजगार सहायक रतन और कियोस्क संचालक मडिया के भी बयान लिए गए। दोनों ही लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप हितग्राही द्वारा लगाया गया था, जिस पर जांच दल ने दोनों से पूछताछ की है। वहीं बैंक से भी पूरे मामले को लेकर जांच रिपोर्ट मांगी गई है, जांच दल में शामिल अधिकारियों के अनुसार आज पूरे मामले की जांच की गई, जिसमें यह पाया गया है कि हितग्राही के खाते से रुपए निकाले गए हैं। और हितग्राही को रुपए नहीं मिले हैं। हितग्राही का कहना है कि मेरे द्वारा पंचायत भवन के अलावा और कहीं भी अपना अंगूठा नहीं लगाया है, ऐसे में जांच के घेरे में भी रोजगार सहायक और कियोस्क संचालक आ रहा है। हालांकि पूरे मामले की जांच रिपोर्ट आते ही विभागीय स्तर से एफआईआर दर्ज करवाकर कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले में पुलिस भी एक्शन में है। पुलिस ने रोजगार सहायक रतन और कियोस्क संचालक को थाने पर ले जाकर बयान लिए हैं, एवं पूरे मामले की जांच कर जल्द एफआईआर करने की तैयारी की जा रही है।