आज ग्राम पंचायत रामपुरिया के ग्रामीण जनसुनवाई में कलेक्टर(झाबुआ) एवं SDM (पेटलावद) के पास गिट्टी क्रेशर मशीन को बंद कर हटवाने का आवेदन लेकर पहुंचे ग्रामीण। पेटलावद जनपद के अंतर्गत ग्राम रामपुरिया के ग्रामीणों ने बताया कि सैयद अख्तर अली द्वारा आबादी क्षेत्र में गिट्टी क्रेशर मशीन संचालित की जा रही है। क्रेशर मशीन पर 20 फीट कि राड डालकर ब्लास्टिंग की जा रही है। जिससे वहां आसपास के मकानों में दरारे आ गई है एवं ब्लास्टिंग करने से नुकीले पत्थर उड़ते हैं जिससे आसपास के रहवासियों एवं पशुओं को जान माल का खतरा बना रहता है।कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। गांव में हनुमान मंदिर से चोर नाले वाले कच्चे मार्ग पर ओवरलोड गिट्टी के डंपर निकलने से धूल का गुबार उड़ता है।जिससे आसपास के खेतों की फसलो को भी नुकसान होता है, ब्लास्टिंग के कारण गांव का जलस्तर भी गिर रहा है तथा कई कुएं एवं हैंड पंप बंद हो चुके हैं।ऐसी कई समस्याओं को लेकर आज ग्राम रामपुरिया के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर मैडम एवं एसडीएम पेटलावद को आवेदन दिया।कलेक्टर मैडम एवं एसडीएम पेटलावद द्वारा जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
