झाबुआ। जिले के देवझिरी जैन तीर्थ में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 फरवरी, रविवार को ध्वजारोहण एवं माणीभद्र वीर हवन पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। उक्त महामंगलकारी कार्यक्रम तीर्थ प्रेरक परम् पूज्य आचार्य श्री सुयशसूरीश्वरजी मसा एवं गच्छाधिपति राष्ट्रसंत शिरोमणि आचार्य श्रीमद् विजय हेमेन्द्र सूरीश्वरजी मसा की परंपरा अनुसार विदुषी साध्वी श्री पुष्पाश्रीजी मसा की सुशिष्या पपू साध्वी रत्नरेखा श्रीजी मसा आदि ठाणा-3 की पावन निश्रा में संपन्न हुआ। सभी आयोजनों में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर में जैन तीर्थ पर भगवान, आचार्यश्री और साध्वीश्रीजी के दर्शन-वंदन हेतु पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया भी पहुंचे।
जानकारी देते हुए जैन श्वेतांबर श्री संघ मीडिया प्रभारी रिंकू रूनवाल ने बताया कि रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे भक्तामर पाठ से हुई। बाद 7 बजे स्नात्र महोत्सव पूजन, 7.30 बजे नवकारसी का आयोजन हुआ। 9 बजे से ध्वजारोहण निमित्त सत्तर भेदी पूजन का आयोजन रखा गया। प्रातः 10.30 बजे से लाभार्थी ढग परिवार भांडुप मुंबई द्वारा आदिनाथ प्रभु के शिखर पर विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया गया। दोपहर 11.30 से 1.30 बजे तक स्वामीवात्सल्य का आयोजन संपन्न हुआ। 12.39 बजे कुंभ एवं दीपक स्थापना के लाभार्थी देवीचंद, भरत, रितेश, दिलीप मरलेचा परिवार चेन्नई एवं इंदौर रहे। दोपहर 1.30 बजे से मंदिर परिसर में श्री माणीभद्र वीर हवन का आयोजन हुआ। हवन में लाभार्थी नीतिनकुमार जयंतीलाल कोठारी परिवार रहे एवं विधि विधिकारक ओएल जैन ने संपन्न करवाई। हवन की पूर्णाहूति पर आरती की गई।
विभिन्न राज्यों से समाजजन एवं गुरू भक्त पधारे
सभी आयोजन श्री आदिनाथ माणिभद्र पारमार्थिक ट्रस्ट देवझिरी द्वारा किए गए। जिसमें ट्रस्ट के पदाधिकारी-सदस्यों के साथ समाजजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहीं। आयोजन में झाबुआ जिले के अलावा मप्र, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र से भी जैन तीर्थ से जुड़े समाजजन एवं आचार्य सुयश सूरीश्वरजी के अनुयाईयों ने पहुंचकर दर्शन लाभ लिया। श्री आदिनाथ माणिभद्र पारमार्थिक ट्रस्ट देवझिरी कार्यवाहक अध्यक्ष निर्मल मेहता ने सभी ने प्रति आभार व्यक्त किया।