मनीष अरोडा
अलीराजपुर कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर ने शिक्षक दिवस के अवसर पर बोरकुआं स्थित शासकीय हाई स्कूल का भ्रमण किया। कलेक्टर डॉ बेडेकर का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य श्री सत्येन्द्र चावड़ा, स्कूल स्टाफ एवं छात्र छात्राओं ने किया। कार्यक्रम का प्रारंभ कलेक्टर डॉ बेडेकर ने विद्या की देवी सरस्वती मां एवं देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा को नमन कर, दीप प्रज्वलन करते हुए हुआ। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अर्जुन सोलंकी, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री संजय परवाल, एडीपीसी श्री रामानुज शर्मा सहित विद्यालय के छात्र छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ बेडेकर ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय शिक्षकों को दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने गुरु की आज के युग में प्रासंगिकता विषय पर उद्बोधन देते हुए बताया की आज के युग में जानकारी और ज्ञान तो गूगल, इंटरनेट, किताबों में पहले से अधिक सुलभता से उपलब्ध है फिर भी गुरु की महत्ता और अधिक बढ़ गई है, गुरु ही ज्ञान की दिशा, सही और गलत के बीच में अंतर करने की अंतरात्मा जागृत करते है। उन्होंने बच्चों से कहा की एक अच्छा छात्र अपने अध्यापक से अनंत ज्ञान ले सकता है ये सिर्फ विद्यार्थी की लगन और जिजीविषा पर निर्भर करता हैं। कलेक्टर डॉ बेडेकर ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें बताया की ज्ञान ही ऐसी चीज है जो जीवन निर्माण का कार्य करता है इसलिए विद्यालय में मिल रही शिक्षा को मन लगाकर ग्रहण करे। इस दौरान उन्होंने अपने विद्यालय के दिनों को भी याद किया। कलेक्टर डॉ बेडेकर ने प्राचार्य श्री चावड़ा का सम्मान करते हुए कहा कि आज का दिन शिक्षकों के सम्मान का दिन है और शिक्षक ही इस समाज की नींव मजबूत करने का कार्य करते है। इसके बाद कलेक्टर डॉ बेडेकर ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया और विद्यालय में निर्मित आईसीटी लैब और पुस्तकालय कक्ष का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के बच्चों द्वारा हाई स्कूल के हायर सेकेण्डरी उन्नयन के सवाल पर अधिकारियों को निर्देश दिए की विद्यालय के उन्नयन के लिए प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे ताकि बच्चों को हायर सेकेण्डरी के लिए दूर नहीं जाना पड़े।