झाबुआ निकलेश डामोर
——————————–
थांदला। नगर के बायपास मार्ग पर शासकीय नाले पर अतिक्रमण और बिना निर्माण अनुज्ञा के व्यावसायिक काम्पलेक्स का निर्माण हो गया और नगर परिषद मूक दर्शन बन कर देखती रही। निकाय द्वारा अतिक्रमणकर्ताओ के विरूद्ध कोई कार्यवाही नही की गई जबकि निकाय मे व्यावसायिक काम्प्लेक्स के निर्माण संबधी कोई दस्तावेज भी मौजुद नही है। राजस्व विभाग द्वारा बायपास मार्ग पर शासकीय भूमि व नाले का सीमांकन किया गया जिसमे दल द्वारा स्पष्ट रूप से बताया गया कि बायपास मार्ग की भूमि व नाले पर विनोद बाफना व अमित शशिकांत बोबडा द्वारा अतिक्रमण कर दुकाने ,सीमेन्ट की दीवार व प्लीन्थ भरकर अतिक्रमण किया गया है। उसके बावजूद भी निकाय अभी तक अतिक्रमणकर्ताओ के अतिक्रमण हटाने की हिम्मत नही जुटा पाया है। उक्त व्यावसायिक काम्प्लेक्स व नाले मे दीवार के निर्माण को करीब दो वर्ष हो चुके है लेकिन नगर परिषद अतिक्रमणकर्ता के जवाब का इंतजार कर रही है। नाले मे बनाई जा रही दीवार से मूर्तिपूजक जैन समाज की भूमि भी प्रभावित हो रही है समाज के लोगो ने एसडीएम से नाले मे किये जा रहे अतिक्रमण को रोकने की मांग की थी एसडीएम के आदेश के उपरांत भी नगर परिषद नाले से अतिक्रमण नही हटा पा रहा है। सीएमओ राजकुमार ठाकुर का कहना है कि नाले से अतिक्रमण जल्द ही हटा देगे किन्तु राजस्व विभाग सासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने मे हमारी मदद करे तो दोनो मिलकर अतिक्रमण हटा पायेगे। गौरतलब है कि बारिश का मौसम मुहाने पर है ऐसे मे नाले पर बनाई गई दीवार को नही हटाया गया और नाला पूर्ववत स्थिति मे नही लाया गया तो नगर के कई हिस्सो मे जलभराव की स्थिति बन जायेगी जिससे कि निचली बस्ती के लोगो काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड सकता है। नगर के जनता द्वारा चुने गये जनप्रतिनिधि भी इस गंभीर जनसमस्या पर मौन साधे बैठे है जिसका खामियाजा गरीब वर्ग के लोगो को भुगतना पडेगा। तहसीलदार अनिल बघेल ने बताया कि एसडीएम का आदेश प्राप्त हुआ है धारा 248 मे प्रकरण दर्ज कर शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने की कार्यवाही की जा रही है। भूमाफियाओ का प्रशासन मे कितना दबदबा रहता है इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है बायपास मार्ग का अतिक्रमण व अवैद्य निर्माण जिसे हटाने मे प्रशासन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी सक्षम दिखाई नही दे रहा है और कानूनी प्रक्रियाओ का आड मे अपने आपको बचाने की कोशिश मे लगा है।
बायपास मार्ग पर अवैद्य व्यावसायिक निर्माण हटाने की कार्यवाही की जायेगी निर्माणकर्ता को सूचना पत्र जारी कर दिया गया है तथा नाले को अतिक्रमण मुक्त कर रहे है – राजकुमार ठाकुर सीएमओ नप थांदला