हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में
हम हुसैन वाले हैं की सदाओं के साथ ताजियों का निकला चल समारोह
मन्नते उतारी , लंगर का आयोजन कर और दूध और मीठा शरबत पिलाया गया।
रिंगनोद – नगर के मुस्लिम समाजजनों द्वारा शुक्रवार रात्रि में मोहर्रम पर्व के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में ताजियों का नगर में चल समारोह निकाला गया। इस अवसर पर जामा मस्जिद चौक पर हिंदू मुस्लिम भाइयों द्वारा मन्नत पूरी होने पर मन्नते उतारी गई साथ ही लंगर ए आम का आयोजन कर दलीम, मीठा दूध, शरबत आदि पिलाया गया, मुहर्रम माह की 9 और 10 तारीख का अधिक महत्व होने के चलते मुस्लिम समाजजनों द्वारा रोजे रखकर और घर घर कुरान की तिलावत कर नफील नमाज़ अदा कर दुआएं मांगी गई। शुक्रवार रात्रि में जामा मस्जिद चौक से या हुसैन की सदाओं के साथ ताजियों का चल समारोह शुरू हुआ जो मुख्य मार्गो पर से होते हुए वापसी जामा मस्जिद चौक पहुंचा जहां पर मुस्लिम समाज जनों द्वारा देश की खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। ताजियों के चल समारोह का कई जगह मुस्लिम समाज जनों द्वारा स्वागत किया गया और जुलूस में शामिल लोगों को मीठा दूध , शरबत आदि पिलाया गया। चल समारोह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज जन शामिल हुए और शांति व्यवस्था को लेकर रिंगनोद पुलिस चौकी प्रभारी जगदीश चौहान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे ।