
हिंदी भाषा में मेडिकल की पढ़ाई करवाने वाला मध्य प्रदेश देश में पहला राज्य बन गया है। हिंदी में मेडिकल पढ़ाई करवाने से अब और अधिक विद्यार्थी लाभान्वित होंगे और डॉक्टर बन सकेंगे ।उक्त विचार शासकीय बालक हाई स्कूल घोड़ा चौपाटी धार में आयोजित हिंदी संगोष्ठी के अवसर पर वक्ताओं ने व्यक्त किए। हिंदीसंगोष्ठी का उद्घाटन जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं क्षेत्रीय पार्षद विपिन राठौर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलन कर किया। । संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रही सहायक आयुक्त श्रीमती सुप्रिया बिसेन ने उपस्थित छात्रों एवं पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी माध्यम में विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना अधिक सरल होगा और अधिक छात्र डॉक्टर और इंजीनियर बन सकेंगे ।इसी क्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद विपिन राठौर ने कहा कि प्रदेश हिंदी मीडियम में मेडिकल की पढ़ाई करवाने वाला देश में पहला राज्य बन गया है। शाला प्राचार्य डॉ स्मृति रत्न मिश्र ने बताया कि विद्यार्थी हिंदी माध्यम में ज्यादा सरलता से विषयों को समझ और पढ़ सकते हैं ऐसे में विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अवसर बहुत अधिक बढ़ जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक राजेंद्र मुद्गल ने किया ।संगोष्ठी में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र गण , पालकगण एवं शिक्षक गण मौजूद थे। उक्त जानकारी विद्यालय के प्राचार्य डॉ स्मृति रत्न मिश्र ने दी।