
संवाददाता सुनील खोडे
पेटलावद। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय सिविल चिकित्सालय, पेटलावद में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों और युवाओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कलेक्टर योगेश भरसठ व जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ एमएल चौपड़ा के मार्गदर्शन में हुए इस केम्प में परिणामस्वरूप कुल 68 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया विशेष रूप से इस रक्तदान शिविर में अपनी उपस्थित दर्ज करवाई। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदान करने वाले सभी ऊर्जावान रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान सुश्री भूरिया ने सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
रक्तदान महादान, यह जीवन की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम-
रक्तदाताओं से संवाद करते हुए मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र माध्यम है। आपातकालीन परिस्थितियों या जरूरत के समय उपलब्ध रक्त किसी भी व्यक्ति की अमूल्य जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारे क्षेत्र में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति नागरिकों और विशेषकर युवाओं की बढ़ती सहभागिता बेहद सराहनीय है।
सुश्री भूरिया ने आह्वान किया कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ और पात्र नागरिक को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने इस सफल आयोजन में अपना अमूल्य सहयोग देने वाले स्वास्थ्य अमले, सभी रक्तदाताओं और सामाजिक संस्थाओं—लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल, रोटरी क्लब, तेरापंथ युवक परिषद, आजाद ब्लड़ ग्रुप संस्था, अर्हम नर्सिंग कॉलेज सहित अन्य सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
रक्तदान शिविर के उपरांत, मंत्री सुश्री भूरिया ने सिविल चिकित्सालय पेटलावद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों और स्वास्थ्य अधिकारियों को आश्वासन दिया कि पेटलावद क्षेत्र में जल्द ही एक नए ब्लड बैंक की स्थापना की जाएगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की उपलब्धता के लिए अब दूर नहीं भटकना पड़ेगा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेटलावद श्रीमती रीतिका पाटीदार, एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति साबनानी, खंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अंतिम सोलंकी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट, मंडल अध्यक्ष संजय कहार, रोटरी अध्यक्ष अल्पित गांधी, लायंस अध्यक्ष अनुराग गौड़, तेरापंथ युवक परिषद के खुश मांडोत, आजाद ब्लड ग्रुप के अर्जुन पाटीदार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।