Homeअलीराजपुरदरकली में ग्रामसभा के दौरान शिक्षक के वायरल वीडियो पर महेश पटेल...

दरकली में ग्रामसभा के दौरान शिक्षक के वायरल वीडियो पर महेश पटेल ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग।

दिलीप सिंह भूरिया आलीराजपुर ब्यूरो चीफ 

आलीराजपुर। सोंडवा ब्लॉक के दरकली ग्राम में ग्रामसभा के दौरान एक शिक्षक के शराब के नशे में होने और कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। इस मामले को लेकर आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने शिक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महेश पटेल ने कहा कि एक ओर प्रशासन जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर यदि ग्रामसभा जैसे सार्वजनिक मंच पर शिक्षक इस तरह का आचरण करते हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी निभाते हैं, ऐसे में उनके आचरण को लेकर शिकायत सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने कलेक्टर से सवाल करते हुए कहा कि दरकली ग्रामसभा में हुई इस घटना और वायरल वीडियो के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है? उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्रामसभा में शिकायत भी की गई है और ग्रामीणों द्वारा भी शिकायत प्रस्तुत की गई है। ऐसे में प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।।

महेश पटेल ने कहा कि आलीराजपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी कई शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। छात्र-छात्राओं, छात्रावासों और शिक्षा संस्थानों से संबंधित समस्याओं पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने संबंधित मंत्री एवं प्रशासन से शिक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि शिकायतों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थियों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। महेश पटेल ने प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए, शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!