संवाददाता सुनील खोडे
—————————-
पेटलावद । ग्राम पंचायत बोडायता में एक बार फिर सरपंच दिनेश गणावा की कार्यशैली को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के शिकायतकर्ता युवक करण गरवाल ने एक वीडियो जारी कर सरपंच पर ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी और वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। वीडियो सामने आने के बाद पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में फिर से नाराजगी देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व ग्राम पंचायत बोडायता के कई ग्रामीणों ने सरपंच दिनेश गणावा पर पंचायत कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार, शासकीय योजनाओं के सही क्रियान्वयन में लापरवाही सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। ग्रामीणों ने मीडिया को गांव बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया था। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार खबरों के प्रकाशन के बाद सरपंच द्वारा शिकायतकर्ता ग्रामीणों से संपर्क कर उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनकी सभी समस्याओं का 8 से 10 दिनों के भीतर समाधान कर दिया जाएगा। इसी भरोसे पर ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें वापस ले ली थीं और पंचायत को समय दिया था।
हालांकि शिकायतकर्ता करण गरवाल का कहना है कि तय समय बीत जाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि सरपंच ने केवल शिकायत वापस करवाने के लिए आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं की। करण गरवाल ने यह भी कहा कि ग्राम सभा में भी सरपंच द्वारा सार्वजनिक रूप से समस्याओं के निराकरण का वादा किया गया था, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं हुआ।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पूरे मामले की शिकायत करेंगे। उनका आरोप है कि बार-बार केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि पंचायत कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि हाल ही में ग्राम पंचायत करमदीखेड़ा में सीसी रोड निर्माण के दौरान बड़े भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सीसी रोड मामले में सरपंच पर आरोप लगाए है।