संवाददाता सुनील खोडे
—————————-
पेटलावद। ग्राम पंचायत झोसर में निर्माणाधीन अटल पंचायत भवन में कथित भ्रष्टाचार की सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर का बड़ा असर हुआ है। जनपद पंचायत पेटलावद ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल गठित कर दिया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने 01/07/2026 को आदेश जारी कर तीन दिवस में विस्तृत जांच प्रतिवेदन तलब किया है।
ये अधिकारी करेंगे जांच
जारी आदेश क्रमांक 6416/निर्माण/2026 के अनुसार जांच दल में श्री एस.एस. भाभर, सहायक यंत्री को दल प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ श्री जी.एस. अहिरवार, उपयंत्री और श्री बी.एल. मैडा, कलस्टर अधिकारी को शामिल किया गया है। जांच दल को निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन की विस्तृत जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर तक पहुंचा मामला
आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर महोदय झाबुआ, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत झाबुआ को भी सादर सूचनार्थ भेजी गई है। साथ ही सरपंच/सचिव ग्राम पंचायत झोसर को निर्देशित किया गया है कि जांच दल को जांच हेतु आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

खबर का असर
गौरतलब है कि झोसर में निर्माणाधीन अटल पंचायत भवन में घटिया निर्माण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित हुई थी। खबर सामने आने के बाद जनपद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल जांच दल गठित कर दिया।