संवाददाता – सुनील खोडे
——————————
पेटलावद। पाटीदार पैथोलॉजी लैब की जांच रिपोर्ट विसंगति का मामला अब जिला स्तर तक पहुंच गया है। ग्राम पंचायत अमरगढ़ के सरपंच पिंटू सिंह भूरिया द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपे गए शिकायती आवेदन पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) बी.एस. बघेल को सात दिवस के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दो ब्लड रिपोर्टों से शुरू हुआ था विवाद –
ग्राम पंचायत अमरगढ़ के सरपंच पिंटू सिंह भूरिया ने आरोप लगाया था कि 3 जून और 4 जून 2026 को पाटीदार पैथोलॉजी द्वारा जारी उनकी दो ब्लड रिपोर्टों में हीमोग्लोबिन, आरबीसी, डब्ल्यूबीसी, प्लेटलेट्स सहित कई महत्वपूर्ण पैरामीटरों में अत्यधिक अंतर दिखाई दिया। जबकि इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर उनका उपचार किया जा रहा था। सरपंच का कहना है कि यदि रिपोर्टों में त्रुटि या लापरवाही हुई है तो इससे मरीज के उपचार पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है और किसी भी व्यक्ति के जीवन को खतरा उत्पन्न हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग पहले ही कर चुका है प्रारंभिक जांच-
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित जांच दल पहले ही पाटीदार पैथोलॉजी लैब पहुंचकर जांच कर चुका है और अपनी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंप चुका है। अब कलेक्टर स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा का मुद्दा –
पेटलावद आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां हजारों गरीब एवं ग्रामीण नागरिक निजी पैथोलॉजी लैबों पर भरोसा कर अपनी जांच करवाते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की जांच संबंधी त्रुटि केवल एक मरीज का मामला नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य और आम नागरिकों के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय माना जा रहा है। इसी कारण सरपंच पिंटू भूरिया ने अपने आवेदन में मांग की है कि पूरे मामले की तकनीकी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को गलत रिपोर्ट के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।

7 दिन में देना होगा जवाब –
कलेक्टर द्वारा सीएमएचओ बी.एस. बघेल को सात दिवस के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुल सकता है।
सरपंच बोले – जनहित की लड़ाई जारी रहेगी –
सरपंच पिंटू सिंह भूरिया ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें जिला प्रशासन पर विश्वास है और उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।