जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को जिले की चिन्हित शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर नेहा मीना ने पेटलावद सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की जानकारी लेकर पात्र बालिकाओं का (HPV) टीकाकरण शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने बीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारण कर टीकाकरण का कार्य पूर्ण करे।

बीएमओ डॉ. एम एल चोपड़ा द्वारा बताया गया कि आशा एवं एएनएम के माध्यम से पात्र बालिकाओं का टीकाकरण प्रतिदिन किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन 45 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा टीकाकरण हेतु अस्पताल में उपस्थित बालिकाओं से संवाद किया गया तथा इनसे कहा कि आप स्वयं टीका लगवाये तथा अपने परिचित साथी बालिकाओं को वैक्सीन केलाभ बताएं एवं वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित करे ताकि बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।

कलेक्टर द्वारा वैक्सीन लगवा चुकी बालिकाओं को डिजिटल टीकाकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किये गये। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, तहसीलदार श्री अनिल बघेल, नायब तहसीलदार एवं अन्य उपस्थित रहे।