इंदौर। क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर से आज कौशल विकास एवं पुस्तक यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा को सनशाइन पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सीमा उपाध्याय द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा इंदौर शहर से होते हुए सनशाइन इंटरनेशनल स्कूल, राऊ पहुँची, जहाँ छात्रों और शिक्षकों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अभिजीत चौबे ने यात्रा के उद्देश्य एवं परिकल्पना की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल युवाओं में पुस्तक पठन के महत्व और कौशल विकास के अवसरों को प्रोत्साहित करने के लिए की गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बघेरवाल जी ने पुस्तकों के जीवन में महत्व पर अपने विचार रखे और अपनी एक प्रेरक कविता का पाठ किया। इसके बाद श्री पल्केश गुप्ता ने छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और वर्तमान समय में उपलब्ध रोजगार मूलक कौशल पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया, जो मुख्य मार्ग से होते हुए आईसेक्ट केंद्र, माँ कंप्यूटर एजुकेशन तक पहुँची। वहाँ बच्चों को कौशल विकास एवं पुस्तक यात्रा की विस्तृत जानकारी दी गई।