संवाददाता सुनील खोडे
—————————-
पेटलावद सारंगी बिजली विभाग और ठेकेदारों की लापरवाही के चलते सारंगी को बाछीखेड़ा, बावड़ी और बरबेट से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लगा 11000 वोल्ट का विद्युत लाइन का पोल बीती रात अचानक रोड पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन नहीं निकला, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि महज 1 महीने पहले लगाए गए इन पोलों को नियमों को ताक पर रखकर 2-3 फीट के गड्ढे में ही खड़ा कर दिया गया था।
मुख्य मार्ग पर गिरी हाई-वोल्टेज लाइन
सारंगी-बावड़ी-बरबेट रोड पर दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन होता है। बीती रात इसी रोड पर 11000 वोल्ट की लाइन अपने पोल सहित सड़क पर गिर गई। लाइन गिरने से कुछ देर के लिए क्षेत्र की बिजली भी बाधित हुई। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो पोल जड़ से उखड़ा पड़ा था।
“भ्रष्टाचार की खुल गई पोल”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूरे मार्ग पर पोल मानकों के अनुसार नहीं लगाए गए हैं। _”एक महीने पहले ही ये लाइन खड़ी की गई थी। पोल को 2 से 3 फीट के गड्ढे में ही गाड़ दिया। न कंक्रीट, न मजबूती। ठेकेदार और विभाग ने मिलकर भ्रष्टाचार किया और अब जान का खतरा ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। पूरी लाइन में पोल टेढ़े-मेढ़े खड़े हैं” ग्रामीणों का कहना है कि नियमों के अनुसार 11000 लाइन के पोल की गहराई और मजबूती तय है, लेकिन यहां खानापूर्ति की गई।

बड़ा हादसा टला, पर सवाल कायम
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे सारंगी-बावड़ी-बरबेट मार्ग का सर्वे कर कमजोर और टेढ़े पोलों को तत्काल बदला जाए। अन्यथा किसी दिन किसी वाहन या राहगीर के साथ अनहोनी हो सकती है।