जोबट/चंद्रशेखर आजाद नगर भाभरा
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर जोबट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद नगर भाभरा के ग्राम अमनकुँआ स्थित अति प्राचीन विश्व विजय श्री हनुमानजी मंदिर में धार्मिक आस्था एवं जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री महेश पटेल द्वारा मंदिर परिसर में शिव परिवार की स्थापना हेतु ₹51,000 (इक्यावन हजार रुपए) की सहयोग राशि प्रदान की गई। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

अपने संबोधन में श्री पटेल ने कहा कि क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थल न केवल आस्था के केंद्र हैं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक भी हैं। इनका संरक्षण एवं विकास करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और सामाजिक एकता एवं आपसी सद्भाव को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने मंदिर के समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए मंदिर की छत निर्माण हेतु भी अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की बात कही, जिससे श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं मिल सकें।

इस पहल से ग्राम अमनकुँआ सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने श्री महेश पटेल के इस योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा मंदिर के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के सहयोग से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को नया स्वरूप मिलता है और युवाओं में अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग एवं जनसेवा का सशक्त संदेश देता है, जो निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।