आलीराजपुर संवाददाता
आलीराजपुर। क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सेना महेश पटेल द्वारा ग्राम पंचायतों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। विधायक ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को पत्र लिखकर दूरसंचार टावर स्थापना हेतु ग्राम सभा के प्रस्ताव एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि दूरसंचार विभाग, नई दिल्ली द्वारा क्षेत्र के कई ग्रामों में मोबाइल टावर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस योजना के तहत चयनित स्थानों पर टावर लगाने के लिए ग्राम सभा की सहमति एवं शासकीय भूमि का प्रस्ताव अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को 14×14 मीटर भूमि उपलब्ध कराना आवश्यक बताया गया है।विधायक ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित पंचायतें शीघ्र बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित करें और खसरा नक्शा सहित आवश्यक दस्तावेज विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि कार्य समय पर प्रारंभ हो सके। पत्र में कट्ठीवाड़ा, उदयगढ़ एवं जोबट चन्द्रशेखर आजाद नगर-विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों—जैसे (1)वेज पंचायत में केवड़ा ,(2)अम्बार पंचायत में खरकाली (3)वाव पंचायत में जैतपुर वाव, करहा,(4)पुनियावाट, (5)आमखुट पंचायत – मढ़ार , (6)गुड़ा, (7)छोटीफटा पंचायत- लीलउमरी , (8)पार्टबायडी पंचायत-सेमलखेड़ी , (9)देवलाई-गूंजेरी आदि—का उल्लेख करते हुए वहां टावर स्थापना की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। साथ ही, संबंधित तहसीलदारों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे ग्राम पंचायतों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें, ताकि योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक जल्द पहुंच सके। यह पहल क्षेत्र में नेटवर्क समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए राहत साबित होगी और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।