संचालक सह आयुक्त, पंचायतराज संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार 01 दिव्यांग पंचायत सचिव के पद हेतु 10 दिसम्बर 2024 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि उक्त पद हेतु प्राप्त आवेदनों की जाँच के लिए गठित जाँच समिति द्वारा सभी आवेदनों की सूक्ष्मता से जाँच कर पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार कर प्रस्तुत की गई है। मेरिट सूची के अनुसार कुल 167 आवेदनों में से 75 आवेदन अपात्र पाए गए हैं, जबकि 92 अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया गया है। पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की पृथक-पृथक मेरिट सूची कार्यालय कलेक्टर, जिला पंचायत, संबंधित जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों के सूचना पटल पर तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित की जा रही है। यदि किसी अभ्यर्थी को पात्र अथवा अपात्र सूची के संबंध में कोई आपत्ति हो, तो वह 15 जनवरी 2026 तक कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर अपनी लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।