वॉयस ऑफ झाबुआ जोबट संवाददाता
जोबट (अलीराजपुर)। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, जोबट (खारी) में बाल दिवस अवसर पर मंगलवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में जोबट विधायक सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने पारंपरिक अंदाज़ में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय स्टाफ द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। स्वागत के बाद विधायक श्री पटेल ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि— “बच्चों की शिक्षा जितनी आवश्यक है, उतना ही जरूरी है उन्हें प्रकृति से जोड़ना और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना।”

इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं। आदिवासी लोकनृत्य, समूहगान, भाषण और नाटकीय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

अपने उद्बोधन में विधायक सेना महेश पटेल ने कहा— “बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और मानवीय मूल्यों का निर्माण हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्था की सराहना की और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को उपहार वितरित किए गए और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय परिसर की सजावट और बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। समारोह के अंत में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता आराम पटेल, सरदार अजनार, कार्यवाहक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद डावर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज रावत पटेल, जोबट नगर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू अजनार तथा विधानसभा अध्यक्ष जोबट लक्की राठौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।