पेटलावद — पेटलावद में गणेश उत्सव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे नगर में अलग-अलग स्थानो पर भगवान श्री गणेश के पंडाल सजाए गए, और भगवान श्री गणेश की मूर्ति विराजित की गई। और 10 दिनों तक चलने वाले इस गणेश उत्सव में प्रतिदिन एक से बढ़कर एक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें नगर वासियों ने खूब बढ़-चढ़कर धर्म लाभ लिया।

शहर के पुराना नाका के राजा गणेश उत्सव समिति द्वारा ऐतिहासिक आयोजन किया गया। जिसके शहरवासी साक्षी बने। दरअसल पुराना नाका के राजा श्री गणेश भगवान का भव्य पंडाल सजाया गया था। जहां नगर की सबसे विशाल भगवान श्री गणेश की मूर्ति विराजित की गई।

10 दिनों तक चले गणेश उत्सव में यहां प्रतिदिन एक से बढ़कर एक आयोजन किए गए। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, गरबा नृत्य सहित अन्य कई आयोजन हुए। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। गणेश उत्सव के दौरान नगर के समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के द्वारा पहुंचकर भगवान श्री गणेश की आरती का लाभ लिया। प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में शहरवासी गणेश उत्सव में शामिल हुए, जहां महाआरती के साथ ही महाप्रसादी का वितरण भी किया गया।

गणेश विसर्जन के दौरान पेटलावद शहर में भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों की संख्या में शहर सहित क्षेत्रवासी शामिल हुए। उक्त यात्रा में भगवान केदारनाथ को अपने स्वरों से झुमाने वाले श्री हनुमंत ध्वज पथक इंदौर द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई और नगर वासियों का दिल जीत लिया। विसर्जन यात्रा का शहर में कई स्थानों पर स्वागत किया गया एवं यात्रा के समापन में भगवान श्री गणेश की मूर्ति का नम आंखों से विसर्जन किया गया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरिया.. अगले बरस तू जल्दी आ.. से अंचल गूंज उठा।

पुराना नाका के राजा गणेश उत्सव समिति के सदस्यों द्वारा तन मन धन से आयोजन को सफल बनाया गया। आयोजन समिति कार्यक्रम को लेकर लगातार जुटी हुई थी, सभी सदस्यों की मेहनत के चलते पेटलावद में एक ऐतिहासिक आयोजन किया गया। जिसकी पूरे शहर में प्रशंसा की जा रही है।