संवाददाता सुनील खोडे
——————————
पेटलावद थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपगढ़-गोपालपुर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अब और जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में अरुण पिता सेतु भाभर (20 वर्ष) एवं विदेश पिता देवचंद गुड़िया, दोनों निवासी खेरिया पाड़ा, खवासा चौकी क्षेत्र, की मौत हो गई। दोनों युवकों के शव रूपगढ़ नहर में मिले हैं।
वहीं हादसे में विष्णु शांतिलाल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी युवक सोमवार रात करीब 12 बजे घर से माता दर्शन के लिए निकले थे। उनके साथ दो अन्य दोस्त भी अलग वाहन से थे। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की सूचना मिलते ही पेटलावद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच जारी है।