करीम खान बरझर
बरझर आज आस्था, श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बन गया, जब सैयदना साहब का प्रथम आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए दाऊदी बोहरा समाज के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हर कोई अपने धर्मगुरु की एक झलक पाने को आतुर नजर आया। सुबह से ही बरझर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर चहल-पहल शुरू हो गई थी। जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गईं, आकर्षक सजावट और फूलमालाओं के साथ सैयदना साहब का भव्य अभिनंदन किया गया। जैसे ही उनका काफिला नगर में पहुंचा, माहौल जयघोष और खुशियों से गूंज उठा।

इस दौरान सैयदना साहब द्वारा समाज के कई परिवारों के घरों पर कदमबोसी का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसे लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और गौरव का भाव देखा जा रहा है। जिन घरों में उनके आगमन की संभावना है, वहां विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। सैयदना साहब का यह आगमन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश भी दे रहा है। बरझर में यह दिन लंबे समय तक एक ऐतिहासिक और यादगार पल के रूप में याद किया जाएगा।