वॉइस ऑफ झाबुआ
———————-
पेटलावद। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के समापन शनिवार को गायत्री शक्तिपीठ पेटलावद पर पूरी श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर शक्तिपीठ परिसर में भव्य पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों गायत्री परिजनों ने सम्मिलित होकर विश्व कल्याण की भावना के साथ यज्ञ भगवान को अपनी आहुतियां समर्पित कीं। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात शक्तिपीठ पर कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धा के साथ परिजनों ने छोटी-छोटी कन्याओं का विधिवत पूजन किया, उनके चरण पखारे और उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।जिसके बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और परिजनों ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी पाई।

इस वृहद आयोजन में केवल पेटलावद नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। कार्यक्रम में रायपुरिया, करवड़, रूपगढ़, सारंगी, बनी, बेकल्दा और पांचपिपला सहित कई गांवों के गायत्री परिजन विशेष रूप से शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण गायत्री मंत्र और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा।