स्वच्छता पखवाड़ा :
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान कर पेटलावद में की गई पम्पावती नदी की सफाई —
पेटलावद शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने हेतु लिया संकल्प –
अभियान अंतर्गत वृद्ध मतदाताओं का किया गया सम्मान –

शान ठाकुर@संवाददाता
पेटलावद — स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को सुबह 10 बजे से आमजन के सहयोग से जिलेभर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रमदान कार्यक्रम के तहत गलियों, नदी, नालियों व आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत घर, स्कूल आदि सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान —
पेटलावद शहर में नगर परिषद के द्वारा विशेष अभियान के तहत पूरे शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। ओर महात्मा गांधी की जन्म जयंती को लेकर स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत अलग-अलग आयोजन किये गए जो कि 2 अक्टूबर को भी जारी रहेंगे। शासन के निर्देशानुसार रविवार को प्रातः 10 बजे से पंपावती नदी के तट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें संत निरंकारी मिशन अभियान से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नगर परिषद कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नदी की सफाई की और नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प भी लिया।
80 वर्ष से अधिक आयु वाले वृद्ध मतदाताओं का किया सम्मान –
अभियान के अंतर्गत रविवार को दोपहर 12 बजे से नगर परिषद हाल में नगर के 80 वर्ष की आयु से अधिक के वृद्वजनों, मतदाताओं का सम्मान किया गया। एवं उन्हें फूलों की माला पहनकर साल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान नगर परिषद सीएमओ श्रीमती आशा भंडारी, नगर परिषद अध्यक्ष ललिता गामड़, बीआरसी रेखा गिरी, पार्षद श्रीमती ममता गुजराती, मुकेश परमार, सहित निर्वाचन विभाग से जुड़े कर्मचारी व समस्त नगर परिषद के कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया जाएगा माल्यार्पण
2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी चौक स्थित प्रतिमा पर नगर परिषद द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके माध्यम से सभी लोगों को एकत्रित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा एवं उनके जीवन पर प्रकाश डालकर महात्मा गांधी के बताए रास्तों पर चलने हेतु सभी को प्रेरित किया जाएगा।
सीएमओ ने की अपील –
स्वच्छता पखवाड़े अंतर्गत चलाये जा रहे हैं विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर नगर परिषद सीएमओ श्रीमती आशा भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वच्छता पखवाड़े अंतर्गत स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। जिसके तहत पेटलावद शहर में और अधिक तेजी के साथ शहर को स्वच्छ बनाने का काम किया जाएगा। जिसमें पेटलावद शहरवासियों की भागीदारी बेहद आवश्यक है। शहरवासी स्वच्छता अभियान से जुड़कर पेटलावद शहर को और अधिक स्वच्छ सुंदर बनाने में अपना योगदान देवे। नगर परिषद के कर्मचारी दिन-रात स्वच्छता अभियान को लेकर कार्य कर रहे हैं, ऐसे में अगर शहरवासी भी इस अभियान में अपनी भागीदारी देंगे तो निश्चित ही पेटलावद स्वच्छता में नंबर वन बनेगा।