भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने वचुअर्ल बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 1 लाख 75 हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए (त्रिदेव) का प्रशिक्षण पूरे प्रदेश में 30 अप्रैल और 1 मई को आयोजित किया जाएगा। प्रदेश में बूथ विस्तारक योजना में हमने प्रत्येक बूथ को डिजिटल बनाने का काम किया था। उसी दिन प्रदेश के मंडल स्तर पर 25 हजार साइबर योद्धाओं का प्रशिक्षण भी आयोजित होगा। उन्होंने प्रशिक्षण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बैठक को प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव एवं संगठन महामंत्री हितानंद जी ने मार्गदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने बैठक में कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि हमने प्रत्येक बूथ को डिजिटल किया है और उसमें 22 प्रकार के काम किए हैं। अब उनको अपडेट करना एवं केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओें को निचले स्तर तक और बेहतर तरीके से ले जाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 30 अप्रैल और 1 मई को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण में भी इसकी चर्चा विस्तार करना है। ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जबकि प्रदेश में 1 लाख 75 हजार कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण तो होगा ही, साथ ही साइबर योद्धाओं का प्रशिक्षण भी होगा। आगामी समय में त्रिदेव प्रदेश और केन्द्र से जुड़ा होगा और सभी जानकारियां उसके पास उपलब्ध होगी।बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व कार्यक्रम प्रभारी उपस्थित थे।