@Voice ऑफ झाबुआ
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को मीडिया विभाग की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने चर्चा की। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने मीडिया विभाग के कार्यो एवं तैयारियों से पार्टी नेताओं को अवगत कराया।
बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने मीडिया विभाग के कार्यों पर संतोष जताते हुए नवीन लक्ष्यों हेतु नवाचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज में नकारात्मक वातावरण फैलाने वाली राष्ट्र विरोधी ताकतें हर क्षेत्र में सक्रिय हैं। मीडिया के क्षेत्र में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी सचेत और सजग होकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग डिजिटल है। हर दिन इस क्षेत्र में नई तकनीकों का प्रयोग होता है। हमें नई तकनीकों के साथ हमें नई चुनौतियां भी मिलती है, उन चुनौतियों से निपटने के लिए हमें नवाचार के साथ अभिनव प्रयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हित के मुद्दों पर जनता के बीच सकारात्मक नैरेटिव बनें इसके लिए हमें लगातार प्रयास करने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया विभाग के द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मीडिया विभाग सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। आधुनिकता के साथ हम नए लक्ष्यों के लिए अलग अलग कार्यक्रमों की रचना करें। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा जनता के बीच भ्रम का वातावरण पैदा किया जाता है, उसे हमारे मीडिया विभाग के सदस्य पुरजोर तरीके से तथ्यों और तर्कों के साथ बेनकाब करें। बैठक में प्रदेश सह प्रभारीगण एवं प्रवक्तागण मौजूद थे।